Last Updated on May 23, 2026 2:11 pm by BIZNAMA NEWS

AMN
अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो चार दिन की भारत यात्रा पर कोलकाता पहुंच गए हैं। श्री रुबियो की यह पहली भारत यात्रा है। यह यात्रा अमरीका और भारत के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस मुख्य उद्देश्य व्यापार, रक्षा, ऊर्जा सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और हिंद-प्रशांत रणनीति में सहयोग का विस्तार करना है। भारत में अमरीका के राजदूत सर्जियो गोर ने हवाई अड्डे पर श्री रुबियो का स्वागत किया। श्री मार्को रुबियो नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट करेंगे।
अमरीका के राजदूत के अनुसार, आगामी बैठकों का मुख्य उद्देश्य रक्षा साझेदारी, उन्नत प्रौद्योगिकी, व्यापार संबंध और क्वाड ढांचे के तहत सहयोग सहित प्रमुख रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करना होगा।
श्री रुबियो विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर से बातचीत भी करेंगे। उनका अमरीकी दूतावास में होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने का भी कार्यक्रम है।
श्री रुबियो आगरा और जयपुर भी जायेंगे। इसके बाद मंगलवार को नई दिल्ली में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे। बैठक में ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग और जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी भी शामिल होंगे।
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि बैठक में क्वाड के स्वतंत्र और मुक्त हिंद-प्रशांत के दृष्टिकोण के अनुरूप जारी पहलों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की भी संभावना है।
भारत रवाना होने से पहले श्री रुबियो ने भारत को एक महान सहयोगी और साझेदार बताते हुए कहा कि भारत के साथ कई क्षेत्रों में काम करना है।
